लखनऊ : यूपी में पिछले कई दिनों से बादल छाये हुए हैं। कई जगहों पर हल्की बूंदाबांदी तो कई जिलों में भारी बारिश हुई है। जिससे तापमान में गिरावट आने से गर्मी से राहत मिली है। लेकिन गुरुवार से एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। अब तक हो रही बूंदाबांदी थम जाएगी। पछुआ हवाओं के चलते अगले पांच दिनों में तापमान में 5 से 6 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। यानि सूरज देवता आसमान से आँखे दिखाने वाले हैं।
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से हो रही बूंदाबांदी अब कुछ दिनों के लिए थमने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को प्रदेश के तराई क्षेत्रों में आंधी के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। इसके बाद शुक्रवार से अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने वाला है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार से प्रदेश में बूंदाबांदी कम होते ही तापमान और गर्मी बढ़ने लगेगी।
इसके बाद गर्म और शुष्क पछुआ हवाओं के असर से अगले पांच दिनों में प्रदेश के तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के संकेत हैं। माना जा रहा है कि मानसून की बारिश से पहले जून की गर्मी अपना असर दिखाने वाली है। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे तक तराई क्षेत्र समेत राज्य के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी जारी रहने के बाद पांच जून से इसमें काफी कमी आएगी। इससे राज्य का मौसम शुष्क हो जाएगा और तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


