हरिद्वार : धार्मिक नगरी हरिद्वार में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक माँ ने ममता और रिश्तों की सारी हदें पार कर दी। नाबालिग बेटी ने अपनी मां पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि मां अपने प्रेमी से नाबालिग बेटी का यौन शोषण करवा रही थी। आरोपी महिला पूर्व भाजपा नेत्री बताई जा रही है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी माँ को प्रेमी समेत गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
शिकायत के बाद की गई पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी महिला का अपने पति से काफी समय से विवाद चल रहा था। वहीं, पीड़िता एक महीने से अपने पिता के साथ रह रही थी। इस दौरान वह काफी शांत रहती थी। पिता ने बेटी से इसका कारण पूछा, लेकिन बेटी ने जो बताया उसे सुनकर पिता के होश उड़ गए। नाबालिग का आरोप है कि उसकी मां ने अपने प्रेमी और अन्य लोगों से उसका यौन शोषण करवाया।
पीड़िता की ओर से पुलिस को तहरीर भी दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच की और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया। इसके अलावा पीड़िता का 164 के तहत बयान भी दर्ज कराया गया है। जांच और मेडिकल में सभी आरोप सही पाए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी मां और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि रानीपुर थाने में एक मामला संज्ञान में आया, जिसमें एक नाबालिग लड़की ने अपनी मां पर आरोप लगाए थे। पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद मुकदमा दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल और 164 के तहत बयान कराया गया। मेडिकल में पीड़िता द्वारा कही गई बातों की पुष्टि हुई है। प्रथम दृष्टया मामला सही पाते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, हरिद्वार भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा का कहना है कि जिस महिला पर आरोप लगाया गया है, उसे पार्टी ने अगस्त 2024 में ही सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया था। वर्तमान में वह महिला भारतीय जनता पार्टी में किसी पद पर नहीं थी, जिसका पत्र भी भारतीय जनता पार्टी ने साझा किया है।