CM धामी ने चंपावत को ₹123.79 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी, जिम कॉर्बेट ट्रेल का किया उद्घाटन

CM Dhami's Champawat visit Corbett Trail launched in Champawat

उत्तराखंड : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने गृह जनपद चंपावत के दौरे के दौरान जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कुल ₹123.79 करोड़ की लागत वाली 17 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने लगभग ₹3.50 करोड़ की लागत से तैयार जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन किया और प्रस्तावित सिटी सेंटर का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चंपावत को उत्तराखंड का एक मॉडल जिला बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण हुई आठ विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि ₹96 करोड़ की लागत से बनने वाली नौ नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य केवल आधारभूत ढांचा विकसित करना नहीं, बल्कि जिले में रोजगार, पर्यटन, व्यापार और जनसुविधाओं को नई गति देना है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चंपावत शहर में ₹62.33 करोड़ की लागत से एक आधुनिक मल्टी-स्टोरी पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण किया जाएगा। इससे शहर में पार्किंग की समस्या का समाधान होगा और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा महिला टेक्नोलॉजी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, नॉलेज सेंटर, ओपन जिम और अन्य नागरिक सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे बेटियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं ₹58.52 करोड़ की लागत से एक अत्याधुनिक साइंस सेंटर भी विकसित किया जा रहा है, जो छात्रों को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में कृषि और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए एग्रीकल्चर कॉलेज की स्थापना, गौशालाओं का विकास तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है।

पर्यटन और धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मां पूर्णागिरी धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्जू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने यह भी बताया कि टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी (ISBT) तथा ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा लोहाघाट, बनबसा और पाटी क्षेत्रों में भी कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।

कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री ने खटकाना पुल पर बने एटलस पावर हाउस जिम का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य चंपावत को विकास, पर्यटन, शिक्षा, खेल और रोजगार के क्षेत्र में उत्तराखंड का अग्रणी जिला बनाना है, ताकि यहां के लोगों को बेहतर सुविधाएं और नए अवसर मिल सकें।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts