अंबाला : नगर परिषद अंबाला की टीम ने आज अंबाला छावनी जीटी रोड के पास एक निजी स्कूल द्वारा बनाई जा रही इमारत पर बुलडोजर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। एक ओर नगर परिषद इसे जायज़ बता रही है, वहीं दूसरी ओर स्कूल प्रशासन ने इसे पूरी तरह से गलत बताया है। साथ ही, स्कूल प्रशासन का आरोप है कि नगर परिषद ने बिना कोई नोटिस दिए यह कार्रवाई की है।
दरअसल, अंबाला में आज नगर परिषद ने अवैध रूप से बन रहे एक निजी स्कूल की इमारत पर बुलडोजर की कार्रवाई की है। इस दौरान मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। नगर परिषद की टीम ने कुछ ही देर में पूरी इमारत को ध्वस्त कर दिया।
“स्कूल को पहले ही नोटिस दे दिया गया था”: इस दौरान मौके पर मौजूद नगर परिषद सचिव ने कहा कि टीम मौके पर आई थी, अतिक्रमण चल रहा था, उस पर कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई से पहले स्कूल को नोटिस दिया गया था। वहीं, ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मानें तो उनका कहना है कि उन्हें इस कार्रवाई के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर तैनात किया गया है, ताकि कोई भी कानून को अपने हाथ में न ले सके।
स्कूल प्रशासन ने कहा- “कोई नोटिस नहीं मिला”: इस पूरे मामले में स्कूल की प्रिंसिपल मोनिका कौशिक ने कहा, “हमें इस कार्रवाई से पहले किसी भी तरह का नोटिस नहीं दिया गया, जबकि हमें नोटिस दिया जाना चाहिए था। नगर परिषद द्वारा बिना किसी नोटिस और बिना किसी सूचना के यह कार्रवाई की गई है।”

