सीतापुर : शुक्रवार देर शाम इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में एक पिता और बेटे की बेरहमी से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। पंचायत भवन के पास हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिता-पुत्र को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हमलावरों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
मृतकों की पहचान फतेहपुर निवासी छोटे खान उर्फ अख्तर (65) और उनके बेटे मैसर खान (45) के रूप में हुई है। माना जा रहा है कि पुरानी दुश्मनी इस अपराध की वजह है। बताया जा रहा है कि 24 घंटे पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर ASP साउथ दुर्गेश सिंह और CO महोली नागेंद्र चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और जांच की। दो समुदायों से जुड़े इस मामले के कारण इलाके में तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
ASP साउथ दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि पिता और बेटे की सिर पर भारी वस्तु से वार करके हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले गांव में दो लोगों की हत्या हुई थी, और उन्हीं लोगों पर इस हत्या का भी शक है। मौके पर डॉग स्क्वॉड, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखी जा रही है।

