मुजफ्फरनगर/कटरा : कटरा में भूस्खलन में दबकर उत्तरी रामपुरी निवासी ममतेश, रामवीरी और अंजलि तथा दो टंकी वाली रोड निवासी दो भाइयों की मौत हो गई। परिवारों में मातम पसरा है। मुजफ्फरनगर शहर के मोहल्ला रामपुरी में रहने वाले तीन परिवारों के कई सदस्य कटरा में माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हुए भूस्खलन में दब गए। इसमें दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने परिवारों को सूचित कर दिया है। वे कटरा के लिए रवाना हो गए हैं। जिले में शोक की लहर है।

शहर के मोहल्ला उत्तरी रामपुरी में रहने वाले विभिन्न परिवारों के करीब 22 सदस्य 25 अगस्त को जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन से माता वैष्णो देवी दर्शन के लिए निकले थे। उत्तरी रामपुरी निवासी रूपेश ने बताया कि बुधवार शाम को पता चला कि उत्तरी रामपुरी निवासी रविंदर की पत्नी ममतेश (42) की कटरा में हुए एक हादसे में मौत हो गई। इंद्रपाल की पत्नी रामवीरी (45) और उनकी बेटी अंजलि (20) की भी हादसे में मौत हो गई।
रूपेश ने बताया कि उत्तरी रामपुरी दो टंकी रोड निवासी अजय कुमार का परिवार भी दर्शन के लिए गया था। अजय के दो बेटे अनंत (10) और दीपेश (8) की भी मौत हो गई। अजय घायल बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर परिवार के अन्य सदस्य जम्मू से कटरा के लिए रवाना हो गए हैं। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने उत्तरी रामपुरी पहुंचकर मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी।

