बागपत : बागपत जिले के सुल्तानपुर हटाना गाँव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। जहां पैकेट वाला दूध पीने से चार भाई-बहनों की हालत अचानक बिगड़ गई। जिनमे से दो साल की दीपांशी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं डॉक्टरों ने दो बच्चो को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
आपको बता दें कि गाँव सुल्तानपुर हटाना निवासी राहुल नाम के व्यक्ति के परिवार के चार बच्चों ने दुकान से पैकेट वाला दूध खरीदकर पीया था। दूध पीने के कुछ देर बाद सभी की तबियत अचानक बिगड़ गई। आनन फानन में बच्चों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां राहुल की दो साल की बेटी दीपांशी की इलाज के दौरान मौत हो गई। बाकी तीन बच्चों राधे, प्रियांशी और एक अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। इनमें से दो को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है, जबकि एक का बड़ौत के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक बच्ची के पिता राहुल ने पुलिस को तहरीर देकर दुकानदार और दूध बेचने वाली कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दूध के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।

