वैश्विक प्रतिस्पर्धा की ओर तेज़ी से बढ़ रहे हैं हरियाणा के विश्वविद्यालय

#Haryana #DIPRHaryana,
चंडीगढ़ : हरियाणा के विश्वविद्यालय अब वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप खुद को तेजी से विकसित कर रहे हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत उच्च शिक्षा क्षेत्र में चल रहे सुधारों की प्रगति का आकलन किया और सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा में योजनाओं को लागू करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश के विश्वविद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान, नवाचार और रोजगारपरक शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। विद्यार्थियों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), मशीन लर्निंग, ड्रोन टेक्नोलॉजी, साइबर सुरक्षा तथा उद्योग आधारित पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्य सचिव ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, बहुविषयक और कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में राज्य सरकार विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में आधुनिक शिक्षण व्यवस्था तथा शोध गतिविधियों को प्रोत्साहित कर रही है।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि हरियाणा सरकार प्रदेश के प्रत्येक जिले में 22 मॉडल संस्कृति कॉलेज स्थापित करने की योजना पर कार्य कर रही है। इन कॉलेजों को बहुविषयक उत्कृष्टता केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
सरकार का मानना है कि नई तकनीकों और उद्योगों की मांग के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करने से युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ेगी और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। इसके साथ ही विश्वविद्यालयों और उद्योग जगत के बीच सहयोग को भी मजबूत किया जा रहा है ताकि विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव और रोजगार के अवसर मिल सकें।
उच्च शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे ये सुधार हरियाणा को शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे। राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं को वैश्विक स्तर की शिक्षा प्रदान कर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts