सहारनपुर : इन दिनों भाजपा के नगर विधायक राजीव गुंबर एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि बिजली विभाग की बैठक में वह अधिकारियों पर भड़क गए। विधायक ने न सिर्फ गलत तरीके से लगे बिजली के खंभों को हटाने पर अधिकारियों को फटकार लगाई, बल्कि अधिकारियों के सामने 50 हजार रुपये की गड्डी रखकर कहा कि कुछ तो शर्म करो। बैठक में नोटों की गड्डी देखकर अधिकारी सकते में आ गए। सभी अधिकारी बगलें झांकने लगे।
आपको बता दें कि सहारनपुर नगर विधायक राजीव गुंबर लगातार सुर्खियों में हैं। कुछ दिन पहले जहां उन्होंने बस अड्डे की अव्यवस्थाओं को लेकर परिवहन विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई थी, वहीं सोमवार को भाजपा विधायक बिजली विभाग के अधिकारियों पर जमकर बरसे। इतना ही नहीं विधायक ने उनके सामने 50 हजार रुपये के नोटों की गड्डी भी फेंकी।
दरअसल, भाजपा विधायक राजीव गुंबर आज सर्किट हाउस में विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नज़र सड़क पर गलत तरीके से लगाए गए बिजली के खंभे पर पड़ी। इसे हटाने के लिए बिजली विभाग के अधिकारी जनता से पैसे मांग रहे थे। इस पर विधायक भड़क गए। उनके तेवर देखकर बिजली विभाग के अधिकारियों के पसीने छूट गए और वे ‘सर-सर’ कहते नज़र आए।
सर्किट हाउस में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान राजीव गुंबर के साथ भाजपा विधायक कीरत सिंह, देवेंद्र निम और समाजवादी विधायक उमर अली खान भी मौजूद थे। भाजपा विधायक राजीव गुंबर ने बिजली विभाग के अधिकारियों से कहा कि सड़क पर गलत तरीके से बिजली के खंभे लगाए गए हैं। विभाग इन्हें हटाने के लिए पैसे मांग रहा है और एस्टीमेट बनाने के बाद ही खंभे हटाए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि अगर आपने बिजली के खंभे गलत तरीके से लगाए हैं, तो जनता इन्हें हटाने के लिए पैसे क्यों दे? अगर एक-दो खंभे हटाने में ज़्यादा पैसे लग रहे हैं, तो यह विभाग की गलती है। विभाग को इन्हें अपने खर्चे पर हटाना चाहिए। जब बिजली विभाग के अधिकारी इस मामले पर अपनी दलीलें दे रहे थे, तभी विधायक गुस्से में आ गए और उनके सामने 50 हज़ार रुपये फेंक दिए।
विधायक राजीव गुंबर ने गुस्से में अपने कुर्ते की जेब से 50 हज़ार रुपये के नोटों का बंडल निकाला और बिजली विभाग के अधिकारियों के सामने रख दिया। उन्होंने कहा, ‘कुछ तो शर्म करो… मुझे पता है कि बिना पैसे के आपका काम नहीं चलेगा, इसलिए मैं पहले ही घर से ले आया हूँ। अगर आपको और ज़रूरत हो, तो मेरे घर से ले आओ, मैं अपनी जेब से जनता के कामों पर पैसा खर्च कर सकता हूँ।’
इससे पहले, भाजपा विधायक राजीव गुंबर परिवहन विभाग के अधिकारियों को डांटते हुए नज़र आए थे। हाल ही में राजीव गुंबर बस स्टैंड का निरीक्षण करने पहुँचे थे। जहाँ उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को अव्यवस्थाओं के लिए फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों को बैठाया और उन्हें पानी पिलाया। जिसके बाद परिवहन विभाग ने रातों-रात बस स्टैंड का नक्शा ही बदल दिया।