सहारनपुर : बिहार चुनाव नतीजों के बाद शनिवार को उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहारनपुर पहुंचे जहां उन्होंने शर्किट हाउस में प्रेस वार्ता कर न सिर्फ बिहार चुनाव की जीत को आमजन की जीत बताया बल्कि विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोला। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव “तीन नेता” हैं जो चाहते हैं कि भाजपा के बूथ कार्यकर्ताओं से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक हर कोई ज़मीन पर काम ना करे और उनकी अपनी पार्टियों की जीत सुनिश्चित हो जाए। लेकिन उनकी यह सोच कभी साकार नहीं होगी। मौर्य ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि यह चाहत अब असंभव है। “हम जनता के बीच रहते हैं, झूठे आरोप लगाकर जीत हासिल नहीं की जा सकती।” इसलिए कांग्रेस के राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का सपना 2047 तक तो साकार नहीं हो पायेगा।

आपको बता दें कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को सहारनपुर में थे। जहां वे पत्रकारों से रूबरू हुए और मीडिया के सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि “अब जाति और धर्म की राजनीति से सत्ता हासिल नहीं होती। पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि जाति और धर्म के नाम पर सत्ता हथियाने का दौर अब खत्म हो गया है। आज जो ज़मीन पर जाएगा, वही सत्ता में आएगा। मतदाता सूची में गड़बड़ी से लेकर चुनाव आयोग के दुरुपयोग तक आप जो भी करते थे, अब वह नहीं होगा। भाजपा के सत्ता में आने से लोकतंत्र मज़बूत हुआ है, न कोई हत्या हुई, न कोई बूथ कैप्चरिंग हो पाई।
केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि भाजपा के शासन में चुनाव पूरी तरह पारदर्शी हो रहे हैं। पहले चुनावों के दौरान हत्याएँ और बूथ कैप्चरिंग होती थी। हमारी सरकार आने के बाद न तो हत्याएँ हुई हैं और न ही बूथ कैप्चरिंग। इसलिए राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव की ये तिकड़ी पूरी तरह हताश हो चुकी हैं। बिहार की तरह ही, आने वाले सभी चुनावों में जनता विपक्ष को जवाब देगी। उन्होंने बढ़ते भ्रष्टाचार को लेकर कहा कि रिश्वत लेते पकड़े गए अधिकारी और कर्मचारी हमारी कार्रवाई का नतीजा हैं। ऐसे भ्रष्टाचारी अधिकारी की शिकायत मिले या न मिले लेकिन विभागीय जाँच जारी है। ऊपर से नीचे तक, चाहे सेवा में हों या सेवानिवृत्त हो चुके हों, जिसने भी देश और देश की जनता को लूटा है, उसे जेल ज़रूर भेजा जाएगा। अगर वे किसी गड्ढे में छिपे हैं, तो हम उन्हें खोदकर निकालेंगे, हम उन्हें पूरी नष्ट कर देंगे।
आतंकवाद को एक “गंभीर मुद्दा” बताते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पढ़े-लिखे लोग भी इस रास्ते पर जा रहे हैं, इसलिए समाज को सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सुरक्षा एजेंसियाँ देश में कहीं भी छिपे किसी भी आतंकवादी को खोजकर उसे न्याय के कटघरे में लाएँगी। कश्मीर के लोग दुश्मन नहीं हैं, दुश्मन तो वो हैं जो साज़िश रच रहे हैं। उन्होंने धारा 370 का हवाला देते हुए कहा कि कश्मीर से धारा 370 हट चुकी है अब कश्मीर हमारा और हम कश्मीर के हैं। कश्मीर और उसके लोग भारत के दुश्मन नहीं हैं, बल्कि दुश्मन वो हैं जो आतंकवादी साज़िश रचते हैं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक, आतंकवाद के ख़िलाफ़ भाजपा सरकार की कड़ी प्रतिक्रिया के उदाहरण हैं। मुसलमान हमारे ख़िलाफ़ नहीं हैं, देश के साथ गद्दारी करने वालों पर कार्रवाई होगी। सपा नेता अबू आज़मी के इस बयान पर कि मुसलमान इसलिए आतंकवादी बन रहे हैं क्योंकि उन पर अत्याचार हो रहा है, मौर्य ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “हम किसी मुसलमान के ख़िलाफ़ नहीं हैं। हमारा नारा है, ‘सबका साथ, सबका विकास’। लेकिन जो भी देश के साथ गद्दारी करेगा, चाहे उसका धर्म या जाति कुछ भी हो, उसके ख़िलाफ़ कार्रवाई ज़रूर होगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पकड़े जा रहे आतंकवादी हमारी कार्रवाई का सबूत हैं, एजेंसियाँ सतर्क हैं। उत्तर प्रदेश में पकड़े गए आतंकवादी सुरक्षा एजेंसियों की ख़ुफ़िया जानकारी का नतीजा हैं। आपको एजेंसियों पर भरोसा करना चाहिए, आप सोच भी नहीं सकते कि ऐसे लोगों को कैसे सज़ा मिलेगी।”

