आगरा : जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक पड़ोसी युवक ने एक युवती का अश्लील वीडियो बनाकर उसके मंगेतर को भेज दिया। उसने शादी रुकवाने की धमकी दी और उसके साथ मारपीट भी की। डरी हुई युवती ने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी और मामला पुलिस तक पहुँचा। युवती के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी और उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
एसीपी इमरान अहमद ने बताया कि युवती के पिता की शिकायत पर आरोपी अमर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का आरोप है कि अमर उसे रास्ते में रोककर परेशान करता था और अश्लील मैसेज भेजता था। इसके बाद उसने उसे धमकाया, उसके अश्लील वीडियो बनाए और अब वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है।
युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी की शादी तय होने के बाद, युवक ने उसके मंगेतर को वीडियो भेजकर कहा, “यह मेरी पत्नी है। अगर तुमने इससे शादी की, तो मैं इसका चेहरा तेजाब से जला दूँगा।” आरोपी के परिवार से शिकायत करने पर अमर, लक्ष्मीनारायण और रवि उसके घर आए और उसके साथ मारपीट की। उन्होंने उसकी बेटी के साथ भी बदसलूकी की।

