सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है। जहां पैसों के विवाद में एक महिला ने अपनी ही सहेली के 14 वर्षीय बेटे को नहर में फेंक कर हत्या कर दी। 1 मई को लापता हुए अंशुमान का शव रविवार को अंबाला रोड की बड़ी नहर से बरामद हुआ है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से न सिर्फ हत्याकांड का खुलासा किया है बल्कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना गुनाह कबूल किया है। आरोपी महिला के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस विभागीय कार्यवाई में जुट गई है।

आपको बता दें कि नुमाइश कैंप इलाके में रहने वाले बाल कृष्ण भारती के परिवार में उनकी पत्नी ज्योति और चार बेटे हैं। इनमें अंशुमान सबसे छोटा था। पड़ोस में रहने वाली 42 वर्षीय पूजा नाम की महिला ज्योति की करीब 15 साल पुरानी सहेली थी। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से आपसी मेलजोल और एक-दूसरे के घर आना-जाना लगा रहता था। बाल कृष्ण भारती ने बताया कि कुछ समय पहले पूजा ने अपनी एक दुकान ज्योति के बड़े बेटे अनुराग को बेची थी। इस सौदे के बाद पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। पूजा का आरोप था कि उसे पूरी रकम नहीं दी गई, जिससे वह नाराज चल रही थी।
इसी रंजिश में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने की साजिश रची। मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि 1 मई को बाल कृष्ण भारती का 14 वर्षीय बेटा अंशुमान घर से कुछ दूरी पर अकेला घूम रहा था। तभी पूजा ने उसे बहाने से अपने पास बुलाया और बाजार घुमाने की बात कहकर स्कूटी पर बैठा लिया। इसके बाद वह उसे अंबाला रोड स्थित बड़ी नहर के पास ले गई और मौका देखकर उसे नहर में धक्का दे दिया। घटना को अंजाम देने के बाद वह चुपचाप अपने घर लौट आई।
उधर जब अंशुमान काफी देर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता सताने लगी। आनन फानन में परिजनों ने थाना नगर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। जांच के दौरान एक फुटेज में पूजा अंशुमान को स्कूटी पर ले जाते हुए दिखाई दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर थाना पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी महिला को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद शनिवार को उसकी निशानदेही पर नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। गोताखोरों की मदद से पूरे दिन तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
रविवार को कुछ राहगीरों ने नहर में एक शव को पानी में तैरते हुए देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और परिजनों को बुलाकर उसकी पहचान कराई। शव अंशुमान का ही निकला। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। एसपी सिटी व्योम बिंदल का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


