सहारनपुर : सहारनपुर के थाना देहात कोतवाली इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब चिलकाना रोड स्थित मदीना मस्जिद में मस्जिद के मुतवल्ली का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का माना जा रहा है। घटनास्थल से खून से सनी लकड़ी की बल्ली मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मृतक की पहचान नौशाद उर्फ मंत्री के रूप में हुई है। मृतक नौशाद मस्जिद में मुतवल्ली का कार्य करते थे। बताया जा रहा है कि वह सुबह से लापता थे। परिजनों और स्थानीय लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। बाद में मस्जिद परिसर के अंदर उनका शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
परिजनों के मुताबिक मृतक के शरीर और सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि लकड़ी की बल्ली से हमला कर उनकी हत्या की गई। घटनास्थल के पास खून से लथपथ एक लकड़ी की बल्ली भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम तथा फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने पुलिस से जल्द खुलासा करने की मांग की है। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मस्जिद के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस कई बिंदुओं पर काम कर रही है, हालांकि अभी तक किसी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


