सहारनपुर : सहारनपुर में मामूली किराए के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ई-रिक्शा का किराया देने को लेकर हुए झगड़े में एक यात्री ने चालक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चालक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 10:30 बजे थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के जोगियान पुल के पास पुलिस को सूचना मिली कि एक ई-रिक्शा चालक पर सवारी ने चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दानिश, जो थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र का निवासी है, ई-रिक्शा में सफर कर रहा था। यात्रा समाप्त होने पर किराए को लेकर उसका चालक साजिद उर्फ बिहारी से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और गुस्से में आकर दानिश ने चाकू निकालकर साजिद पर कई वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल साजिद उर्फ बिहारी, जो थाना कोतवाली देहात क्षेत्र का निवासी था, को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। चालक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी दानिश को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू भी पुलिस के कब्जे में है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना की वजह केवल किराए को लेकर हुआ विवाद था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


