बस्ती : जिले के हरैया क्षेत्र में झंडा फहराने के विवाद को लेकर दो समुदायों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान उपद्रवियों ने एक बाइक में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया और तीन लोगों को हिरासत में लिया। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, हरैया के रजवापुर स्थित चफवा गांव में दुर्गा पंडाल के पास समिति के सदस्य झंडा फहरा रहे थे। इसी दौरान दूसरे समुदाय का झंडा गिर गया। इससे विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। इसी बीच कुछ उपद्रवियों ने एक बाइक में आग लगा दी। बाइक तेजी से जलने लगी। आग देखकर लोग भड़क गए।
किसी ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में हरैया-परसरामपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। लोगों का गुस्सा देख एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान और एडिशनल एसपी श्यामाकांत भी पुलिस बल के साथ पहुंच गए।
पुलिस ने दोनों समुदायों के लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। आरोपियों के बारे में भी जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया है। डीएसपी संजय सिंह ने बताया कि माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शिकायत मिली है और उसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल पर शांति व्यवस्था बनी हुई है और गाँव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

