सहारनपुर : सहारनपुर के बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में कक्षा 10 की छात्रा ने खौफनाक कदम उठाया है। जहां एक गांव में कक्षा 10 की छात्रा ने छेड़छाड़ करने वाले की हरकतों से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। छात्रा ने सोशल मीडिया पर ऑनलाइन आकर जहर खा लिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो वायरल होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने आरोपी किशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं, छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार किशोर ने छात्रा के साथ न सिर्फ अश्लील हरकतें की बल्कि उसके साथ मारपीट भी की।
बता दें कि सोमवार देर शाम सोशल मीडिया पर एक लड़की का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में लड़की कीटनाशक का पैकेट पकड़े हुए है। वीडियो बनाते समय वह पैकेट खोलकर कीटनाशक का सेवन कर रही है और पानी पी रही है। छात्रा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुआ। आरोप है कि छेड़छाड़ और मारपीट से परेशान 10वीं की छात्रा ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली।
आत्महत्या करने से पहले छात्रा ने पूरी घटना अपनी मां को भी बताई थी। लेकिन मां ने सोचा भी नहीं था कि उसकी बेटी आत्महत्या कर लेगी। छात्रा की मां ने बताया कि शनिवार को उसकी बेटी ट्यूशन गई थी। लौटते समय रास्ते में एक युवक ने उसे रोक लिया। उसने उसके साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर बीच सड़क पर उसकी पिटाई कर दी। युवक की हरकतों से आहत होकर उसकी बेटी ने आत्महत्या कर ली।
पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि सोमवार देर रात किशोरी का कीटनाशक पीते हुए लाइव वीडियो सामने आया है। इसमें वह कीटनाशक की थैली खोल रही है। इसके बाद उसे पीती नजर आ रही है। आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

