अलीगढ़ की मीट फैक्ट्री में दो मजदूरों की मौत, गर्म पानी के टैंक में गिरने से हुआ हादसा

Two workers died in a meat factory in Aligarh

अलीगढ़ : शहर स्थित अलदुआ मीट फैक्ट्री में हादसा हो गया। मीट फैक्ट्री में गर्म पानी के टैंक में गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय पार्षद ने मीट फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना अलीगढ़ के रोरावर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे हुई।

जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान भुजपुरा निवासी आसिफ (26) और इमरान (25) के रूप में हुई है। स्थानीय पार्षद हाफिज अब्बासी ने हादसे को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि दोनों युवक फैक्ट्री में नाइट ड्यूटी पर गए थे और सुबह करीब 3 बजे ईटीपी (इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) प्लांट में गिरने से उनकी मौत हो गई, लेकिन फैक्ट्री प्रबंधन ने समय पर परिजनों को सूचना नहीं दी। इससे लोगों में गहरा रोष है। देर सुबह ठेकेदार द्वारा परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई, जिसके बाद परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी मयंक पाठक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों कर्मचारी फैक्ट्री में बने गर्म पानी के टैंक में गिर गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस दुखद हादसे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लग रहे हैं।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री संचालक और ठेकेदार पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है और हादसे के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts