सहारनपुर में उफनाई सहंश्रा नदी, तेज बहाव में बहे बाइक सवार, ग्रामीणों ने बचाई जान

Saharsra river overflows in Saharanpur, Bike riders swept away by strong currents, Villagers save their lives

सहारनपुर : पहाड़ों और मैदानी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के चलते बरसाती नदियां उफान पर हैं। इसी बीच बेहट तहसील क्षेत्र के जैतपुर के पास सहंश्रा नदी में अचानक पानी का तेज बहाव आने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नदी पार कर रहे बाइक सवार तेज बहाव में बह गए लेकिन मौके पर मौजूद ग्रामीणों की सूझबूझ और बहादुरी से सभी की जान बच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

आपको बता दें कि शिवालिक पहाड़ियों और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सहारनपुर की बरसाती नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जैतपुर के पास बहने वाली सहंश्रा नदी में अचानक तेज पानी आने से उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोग बाइक लेकर नदी पार करने का प्रयास कर रहे थे। तेज बहाव के कारण बाइक सवार अपना संतुलन खो बैठे और पानी की धारा में बहने लगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान दो बाइकें भी नदी के तेज बहाव में बह गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के दौरान एक महिला समेत दो लोग पानी की तेज धारा में फंस गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बिना किसी देरी के साहस दिखाते हुए तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद बहकर गई दोनों बाइकें भी नदी से बाहर निकाल ली गईं। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों को बचाते हुए दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोग ग्रामीणों की बहादुरी की सराहना कर रहे हैं। समय रहते राहत कार्य होने से एक बड़ा हादसा टल गया।

लगातार हो रही बारिश के चलते सहारनपुर के कई बरसाती नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान किसी भी नदी, नाले या रपटे को पार करने का प्रयास न करें। जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे जान का खतरा पैदा हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की भी सलाह दी है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts