8 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, एक लाख का इनामी था आरोपी

फर्रुखाबाद : मौसी के घर आई 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। आरोपी मनोरोगी था और छोटी बच्चियों को अपनी हवस का शिकार बनाता था। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, रंगदारी के लिए अपहरण और डकैती जैसे मामले पहले से दर्ज थे। पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था। वह जिले के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला था।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस और एसओजी टीम ने खाटू श्याम मंदिर के पीछे जंगल में घेराबंदी की। खुद को घिरा हुआ समझकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें एक गोली एसओजी प्रभारी सचिन सिंह चौधरी के सीने पर लगी बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी। इस दौरान गिरने से एसओजी प्रभारी के दाहिने हाथ में गोली लग गई। साथ ही, मुठभेड़ से खुद को बचाते हुए गिरकर अमरदीप भी घायल हो गया। तब पुलिस दल ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। जिससे आरोपी को दो गोलियां लगीं।

घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके पास से एक आधार कार्ड मिला, जिसमें उसकी पहचान मनु पुत्र लटूरी सिंह निवासी पखना थाना मेरापुर फर्रुखाबाद के रूप में हुई। उसके पास से एक पिस्टल 32 बोर, चार जिंदा कारतूस, एक लाइटर, आधार कार्ड, पासबुक, एटीएम कार्ड और 240 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस कई दिनों से उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में 27 जून को 8 साल की बच्ची लापता हो गई थी। 28 जून को बच्ची का शव मैनपुरी के भोगांव क्षेत्र से बरामद हुआ। मुठभेड़ में मारे गए अपराधी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी थी। तभी से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।

एसपी आरती सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई थीं। शुक्रवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली। पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी मारा गया। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts