अलीगढ़: पिसावा थाना क्षेत्र के दमुआका गाँव में एक पत्नी द्वारा अपने पति को ज़हर देकर मार डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि सुलह के नाम पर ससुराल बुलाए गए सिपाही की कोल्ड ड्रिंक में ज़हर मिलाकर हत्या कर दी गई। सिपाही मेघ सिंह भारतीय सेना की जाट रेजिमेंट में तैनात था और छुट्टी पर आया हुआ था।
सेना से सेवानिवृत्त हवलदार गौरी शंकर ने बताया कि उनके छोटे भाई मेघ सिंह (32) की शादी छह साल पहले जट्टारी क्षेत्र के दमुआका गाँव निवासी पिंकी से हुई थी। शादी के शुरुआती आठ महीने तो ठीक-ठाक चले, लेकिन बाद में पति-पत्नी के बीच अनबन रहने लगी। पिंकी ने मायके जाकर ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया, जो अभी अदालत में विचाराधीन है। इन दिनों मेघ सिंह छुट्टी पर आया हुआ था। इसी दौरान पिंकी ने सुलह की कोशिश के तहत मेघ सिंह को अपने मायके बुलाया था।
गौरी शंकर के अनुसार, मेघ सिंह दमुआका गाँव गया हुआ था। जहाँ उसे कोल्ड ड्रिंक में ज़हर मिलाकर पिला दिया गया। कोल्ड ड्रिंक में ज़हर होने का शक होने पर मेघ सिंह ने फ़ोन करके बताया कि उसकी पत्नी पिंकी ने कोल्ड ड्रिंक में ज़हर मिलाकर उसे पिला दिया है। इस बातचीत का रिकॉर्ड भी मौजूद है। गौरी शंकर का आरोप है कि पिंकी के साथ उसके पिता जयकरण और रिश्तेदार नरेश, सुनील और अनिल भी इस साज़िश में शामिल थे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टप्पल के प्रभारी डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि मेघ सिंह को आपात स्थिति में पुलिस वैन संख्या 112 से अस्पताल लाया गया था। उस समय उसका बीपी और नब्ज़ रिकॉर्ड नहीं हो रही थी और आँखों की पुतलियाँ फैल गई थीं। सीपीआर देकर उसकी जान बचाने की कोशिश की गई, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। खैर क्षेत्राधिकारी वरुण कुमार सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की गहराई से जाँच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वायरल ऑडियो क्लिप के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

