शामली : कैराना कोतवाली इलाके में पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां कर्ज लेने की आदत से परेशान एक पत्नी ने अपने प्रेमी और भाई के साथ मिलकर हत्या की खौफनाक साजिश को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी, उसके प्रेमी और भाई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पत्नी ने पुलिस को बताया कि युवक ने 9 साल पहले उसके साथ से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही उसका पति उसके नाम से कर्ज ले रहा था। वह अपने पति की बार-बार उसके नाम पर कर्ज़ लेने की आदत से परेशान आ गई थी। जिसके चलते उसने अपने भाई और प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।
एसपी शामली रामसेवक गौतम ने बताया कि कैराना कोतवाली इलाके के कस्बा कांधला निवासी असलम ने 9 साल पहले बागपत की आसमीन से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से दोनों कांधला में ही रह रहे थे। पिछले रविवार सुबह असलम का खून से लथपथ शव आम के बाग में मिला। जांच में पता चला कि असलम की पत्नी आसमीन का पिछले छह सालों से हारून नाम के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी।
एसपी राम सेवक गौतम ने यह भी बताया कि आसमीन ने हारून और अपने भाई इंतज़ार के साथ मिलकर असलम को खत्म करने की योजना बनाई। योजना के अनुसार हारून और इंतज़ार ने असलम को बहला-फुसलाकर बुलाया था। हत्या के बाद उन्होंने शव को एक टेंपो में डालकर कांधला रोड के किनारे आम के बाग में फेंक दिया था।

