सहारनपुर : रविवार रात बूंदाबांदी के साथ तेज हवाओं का कहर देखने को मिला। सहारनपुर के थाना सरसावा इलाके में नकुड़ रोड पर देर रात हवा में टीन सेड गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में टीन सेड के नीचे दबने से मोटरसाइकिल सवार दब गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतकों की पहचान गांव भाटपुरा के पूर्व प्रधान जयपाल सैनी और गांव नवादा निवासी रामकेश सैनी के रूप में हुई है। दोनों लोग उत्तराखंड में एक पंचायती में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आपको बता दें कि गांव भाटपुरा के पूर्व प्रधान 55 वर्षीय जयपाल सैनी और गांव नवादा निवासी 56 वर्षीय रामकेश सैनी रविवार को उत्तराखंड में आयोजित एक पंचायत में शामिल होने गए थे। पंचायत से फ्री होकर दोनों लोग घर वापस लौट रहे थे। रविवार की रात मे जब वे नकुड़ रोड पर गुरुकुल ज्ञान गंगा इंटरनेशनल स्कूल के पास महान एंटरप्राइजेज स्कूटी शोरूम के करीब पहुँचे तो अचानक भारी बारिश के साथ एक ज़बरदस्त तूफ़ान आ गया। बारिश और तेज़ हवाओं से बचने के लिए दोनों व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी कर शोरूम के बाहर बने एक टिन के शेड के नीचे रुक गए।
इसी दौरान हवा के एक ज़ोरदार झोंके से शेड टूट कर सीधे उन पर आ गिर गया। लोहे के भारी भरकम ढांचे के नीचे दबकर दोनों व्यक्तियों को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हैरत की बात तो ये है कि रात मे मौसम ख़राब होने चलते दोनों के शव घण्टों तक वहीं पड़े रहे। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि रविवार की रात 12:30 बजे पुलिस की एक गश्ती टीम उस इलाके से गुजरी तो सड़क के किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल को देख पुलिस को शक हुआ। आस-पास के इलाके की तलाशी लेने पर पुलिस को गिरे हुए शेड के नीचे दो व्यक्ति दबे हुए मिले।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मी दोनों व्यक्तियों को बाहर निकालने में सफल रहे लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।स्कूटी शोरूम के मालिक को तुरंत इस घटना की सूचना दी गई। मालिक मौके पर पहुँचे और मृतकों की पहचान की। जिसके बाद उनके परिवारों को घटना के बारे में सूचित किया गया। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में आगे की जाँच जारी है।

