चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लगभग 28 किलोमीटर लंबी कुरुक्षेत्र बाईपास परियोजना को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महत्वपूर्ण परियोजना ज्योतिसर के निकट इंदबरी से शुरू होकर SH-6, MDR-119, किर्मच रोड, अमीन रोड और NH-44 को जोड़ते हुए मथाना तक जाएगी। बाईपास के निर्माण से पिपली क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा और लोगों को लंबे समय से जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली, यमुनानगर, हरिद्वार, पंजाब और कैथल की ओर आवागमन अधिक सुगम और तेज होगा। इसके साथ ही धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों ब्रह्मसरोवर और ज्योतिसर तक पहुंच भी बेहतर बनेगी, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
नायब सैनी ने कहा कि यह परियोजना केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों का परिणाम है तथा ट्रिपल इंजन सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बाईपास के निर्माण से कुरुक्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और प्रदेश के बुनियादी ढांचे को और मजबूती मिलेगी। यह परियोजना न केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी, बल्कि हरियाणा के विकास और क्षेत्रीय आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। #Haryana #DIPRHaryana
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


