सहारनपुर : दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पर चार लोगों की जान लेने वाले भीषण सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में हादसे की भयावह तस्वीर साफ दिखाई दे रही है। कट के पास पीछे की ओर बैक हो रही टियागो कार को पीछे से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि टियागो कार न सिर्फ करीब 300 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही बल्कि दो बार डिवाइडर से टकराई और फिर पलट गई। हादसे में टियागो सवार प्रवीण, उनकी पत्नी प्रीति, सुदेश और मासूम शिवांश की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि स्कॉर्पियो चालक समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल अवस्था में भर्ती है।
आपको बता दें कि यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार को रामपुर मनिहारान इलाके के गांव हलगोया के पास हुआ था। हरियाणा के जनपद सोनीपत के मंढोरा गांव के दो परिवार अलग-अलग वाहनों से हरिद्वार जा रहे थे। इसी दौरान टियागो चालक जयदेव कट लेने के लिए अपनी कार पीछे कर रहा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने टियागो को जोरदार टक्कर मार दी। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई साफ दिखाई दे रहा है कि टक्कर के बाद टियागो कार बेकाबू होकर करीब 300 मीटर तक घिसटती चली गई। इस दौरान वह दो बार डिवाइडर से टकराई और आखिर में पलट गई। स्कॉर्पियो भी हादसे के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। दोनों वाहनों की हालत देखकर टक्कर की भयावहता और स्कॉर्पियो की तेज रफ्तार का अंदाजा लगाया जा सकता है।
घटनास्थल पर मौजूद एनएचएआई के पेट्रोलकर्मी के अनुसार टियागो चालक कार को पीछे करते समय डिपर या चेतावनी संकेत का उपयोग नहीं कर रहा था जिससे पीछे से आ रहे वाहन चालक को समय रहते कार दिखाई नहीं दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जांच का महत्वपूर्ण साक्ष्य बनाया है और दुर्घटना के प्रत्येक पहलू की जांच की जा रही है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस और राहत दल ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया लेकिन टियागो में सवार चार लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हादसे की भयावहता सामने आई है। मृतकों प्रवीण, प्रीति, सुदेश और शिवांश की कई पसलियां टूट गई थीं। पसलियों के टूटने से फेफड़ों और श्वसन तंत्र को गंभीर क्षति पहुंची, जिसके कारण दम घुटने से चारों की मौत हो गई। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हादसे में शामिल स्कॉर्पियो प्रवीण की पत्नी नीलम के नाम पंजीकृत है। स्कॉर्पियो चालक प्रवीण फिलहाल एसबीडी जिला अस्पताल में उपचाराधीन है और पुलिस निगरानी में भर्ती है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हादसे की विस्तृत जांच कर रही है।

