सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़, गौकशी की तैयारी कर रहे आरोपी के पैर में लगी गोली, एक गिरफ्तार, दो फरार

Police encounter in Saharanpur, Accused preparing to slaughter cows was shot in the leg

सहारनपुर : जनपद में अपराध और गौकशी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात पुलिस ने मंगलवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में एक शातिर गौकश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से गौकशी के उपकरण, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, एक जिंदा गोवंश तथा एक पिकअप वाहन बरामद किया गया है। वहीं उसके दो साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की कॉम्बिंग जारी है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ सघन चेकिंग और गश्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली कि मल्हीपुर रोड पर तालाब के सामने आम के बाग में कुछ लोग गौकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो तीन संदिग्ध व्यक्ति गौकशी की तैयारी करते मिले।

पुलिस को देखते ही आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान नफीस उर्फ काला पुत्र अय्यूब निवासी ग्राम सैय्यद माजरा, थाना गागलहेड़ी, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई।

घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, एक जिंदा गोवंश तथा एक पिकअप वाहन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार नफीस उर्फ काला थाना कोतवाली देहात में दर्ज मु.अ.सं. 370/2026 में गौवध निवारण अधिनियम की धाराओं 3/5/8 के तहत वांछित चल रहा था।

उसके खिलाफ सहारनपुर के विभिन्न थानों में गौकशी, पुलिस मुठभेड़, गुंडा एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है और गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts