सहारनपुर में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 11 डंपर और JCB सीज; खनन माफियाओं में मचा हड़कंप

हारनपुर में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई

रातभर चला चेकिंग अभियान, बिना रॉयल्टी और वैध प्रपत्रों के खनन सामग्री ले जाते पकड़े गए वाहन; चार डंपर बिना नंबर प्लेट के मिले

सहारनपुर : जनपद में अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मिर्जापुर पुलिस ने रातभर चले विशेष चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 डंपर और एक JCB समेत कुल 12 वाहनों को सीज किया है। जांच के दौरान कई वाहनों में ओवरलोडिंग की स्थिति मिली, जबकि चार डंपर बिना नंबर प्लेट के पाए गए। पुलिस की कार्रवाई से खनन के अवैध कारोबार में जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

सीओ प्रिया यादव ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जिले में अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी मिर्जापुर विनोद कुमार के नेतृत्व में 9 और 10 सितंबर की रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

मिर्जापुर पुलिस टीम ने गन्देवड़-हथनीकुण्ड और गन्देवड़-बादशाहीबाग मार्ग पर खनन सामग्री लेकर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की। पुलिस ने डंपरों और JCB को रोककर उनके दस्तावेज, रॉयल्टी और खनन सामग्री के परिवहन से संबंधित कागजातों की जांच की। प्रारंभिक जांच में कई वाहनों के पास वैध प्रपत्र नहीं मिले। इसके अलावा कुछ वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक खनन सामग्री लेकर चलते पाए गए।

जांच के दौरान चार डंपरों पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी 12 वाहनों को सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया। नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

सीज किए गए वाहनों में UP 11CT 8186, UP 11AT 8930, UP 11CT 8160, UP 11CT 2330, HR 58E 3022, HR 58E 6063 और UP 11DT 1411 नंबर के डंपर शामिल हैं। वहीं HR 58D 9326, HR 58E 8268, HR 58C 1032 और HR 58E 1717 नंबर के चार डंपर बिना नंबर प्लेट के पाए गए। पुलिस ने UP 11DT 7278 नंबर की JCB को भी सीज किया है।

कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी विनोद कुमार, उपनिरीक्षक मुकेश सोलंकी, उपनिरीक्षक नरेश कुमार, हेड कांस्टेबल विपिन खोखर, कांस्टेबल चिराग और कांस्टेबल राहुल मोतला शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन में लगे लोगों में खलबली मची हुई है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts