योगी का अखिलेश पर तीखा हमला: बोले- रामभक्तों पर गोली चलाने वालों को अब याद आ रहे राम, 2027 में जनता फिर सिखाएगी सबक

CM Yogi appeals to the public to be cautious of infiltrators, Careful not to include these outsiders in the voter list.

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर के कैम्पियरगंज क्षेत्र के भारीवैसी में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले किए। अयोध्या में रामभक्तों पर गोली चलाने की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने बिना नाम लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। योगी ने अखिलेश को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा कि यदि वह नामांकन करते हैं तो वह भी नामांकन कर लेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामभक्तों को सोते-जागते, उठते-बैठते हर समय प्रभु श्रीराम याद आते हैं। उन्हें भगवान श्रीराम का संरक्षण प्राप्त होता है। वहीं, जब दुर्जनों का अंतिम समय आता है तो उनके मुंह से भी राम नाम निकलता है। उन्होंने मारीच का उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ लोग मारीच के रूप में सामने आ रहे हैं, जिन्हें समझने की आवश्यकता है।

रामभक्तों पर गोली चलाने वालों को अब याद आ रहे राम

अयोध्या को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं, जय श्रीराम बोलने पर लाठी-डंडे चलवाए थे और हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ किया था, उन्हें आज राम नाम याद आ रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या हमारी आस्था की भूमि है।

अखिलेश यादव की ओर से अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती का जिक्र करते हुए योगी ने कहा, ”आप नामांकन करिए तो मैं भी नामांकन कर लेता हूं। एक बार आमने-सामने हो ही जाएं, क्यों बेकार चिंता कर रहे हैं और क्यों परेशान हैं?” मुख्यमंत्री ने दावा किया कि विपक्षी नेताओं में आमने-सामने चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं है। उन्होंने कहा कि कमजोर व्यक्ति आमने-सामने मुकाबला नहीं करता, बल्कि पीछे से वार करता है।

सपा को बताया अराजकता, दंगे और कर्फ्यू का पर्याय

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि अराजकता, दंगे और कर्फ्यू सपा की पहचान रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि माफिया को संरक्षण दिया गया और जनता के साथ हमेशा धोखा किया गया। योगी ने कहा कि सपा के शासनकाल में जनता का शोषण हुआ और प्रदेश में गुंडागर्दी को बढ़ावा मिला।

मुख्यमंत्री ने मंच से सख्त लहजे में कहा कि जैसे कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, उसी तरह गुंडे और माफिया भी तब तक सीधे नहीं हो सकते, जब तक उन्हें डंडे के बल पर सीधा न किया जाए। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने ऐसे लोगों की गुंडागर्दी पर लगाम लगाने का काम किया है और आगे भी अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। योगी ने कहा कि सरकार एक बार फिर ऐसे तत्वों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है, ताकि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनी रहे और आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें।

नौजवानों की नौकरी और बेटियों की सुरक्षा का उठाया मुद्दा

मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करते हुए आरोप लगाया कि इन दलों के शासनकाल में माफिया के जरिए उत्तर प्रदेश को नुकसान पहुंचाया गया। नौजवानों की नौकरियों में सेंध लगाई गई, बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ हुआ तथा किसानों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने प्रदेश को तबाह किया, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया और अन्नदाता किसानों को भुखमरी के कगार पर पहुंचाने का पाप किया, वे आज किस मुंह से जनता के सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान उत्तर प्रदेश के सामने पहचान का संकट भी खड़ा हुआ था।

2027 में दूर हो जाएगी गलतफहमी और अराजकता की गर्मी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए विपक्षी दलों को चुनौती दी। उन्होंने बिना किसी दल का नाम लिए कहा कि कुछ लोगों को अभी से गलतफहमी होने लगी है और उनमें राजनीतिक गर्मी दिखाई देने लगी है। उन्हें लगता है कि अराजकता पैदा करके जबरन जनता का वोट हासिल कर लेंगे, लेकिन उनकी गलतफहमी एक बार फिर दूर हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता बार-बार ऐसे लोगों को खारिज कर रही है और उन्हें जवाब दे रही है। वर्ष 2027 का चुनावी मैदान भी तैयार है। जिसे मुकाबला करना है, वह चुनावी मैदान में आए। मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर विकास के नाम पर लूट-खसोट करने और मौका मिलने पर प्रदेश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिए बिना हैदराबाद से आए एक मौलाना पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस समय उत्तर प्रदेश में काफी सक्रिय हैं और राजनीतिक रूप से उछल रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब उत्तर प्रदेश के चुनाव परिणाम आएंगे तो उसके साथ ही उनकी स्थिति भी स्पष्ट हो जाएगी। योगी ने सपा, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को एक ही थैली के चट्टे-बट्टे बताया।

491 करोड़ रुपये से बनेगा प्रदेश का पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय

राजनीतिक बयानबाजी के बीच मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं का भी ब्योरा दिया। गोरखपुर के कैम्पियरगंज स्थित भारीवैसी में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी गई। इस विश्वविद्यालय के निर्माण पर 491 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की योजना है।

कार्यक्रम के दौरान कुल 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इनमें 621.05 करोड़ रुपये की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास और 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी।

एक दिन में 35 करोड़ पौधरोपण का बनाया रिकॉर्ड

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण अभियान की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में 12 जुलाई 2026 के दिन का उल्लेख करते हुए इसे उत्तर प्रदेश के इतिहास के लिए महत्वपूर्ण बताया था।

योगी के मुताबिक, इस दिन वन विभाग के नेतृत्व में प्रदेश की जनता ने 35 करोड़ से अधिक पौधों का रोपण कर रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में कुल 280 करोड़ पौधों के रोपण का कार्यक्रम पूरा किया गया है। सरकार को इससे प्रदेश में वृक्षारोपण का दायरा बढ़ाने में सफलता मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना और वृक्षारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने विकास परियोजनाओं को प्रदेश की प्रगति से जोड़ते हुए कहा कि सरकार आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts