सहारनपुर : उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय उत्तर प्रदेश के हस्तकला एवं निर्यात प्रोत्साहन अनुभाग द्वारा विशिष्ट हस्तशिल्प प्रादेशिक पुरस्कार योजना के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत 20 राज्य हस्तशिल्प पुरस्कार एवं दक्षता हस्तशिल्प पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उपायुक्त उद्योग श्री अजय कुमार त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि आवेदन करने वाले हस्तशिल्पियों की न्यूनतम आयु 25 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। साथ ही आवेदक को हस्तशिल्प क्षेत्र में कम से कम पांच वर्ष का अनुभव होना आवश्यक है।
आवेदनकर्ता के पास हस्तशिल्प विकास आयुक्त, हस्तशिल्प वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी हस्तशिल्प पहचान पत्र होना भी अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि पुरस्कार के लिए भेजी जाने वाली कलाकृति हस्तशिल्पी द्वारा स्वयं निर्मित होनी चाहिए। जिन हस्तशिल्पियों को पूर्व में राज्य हस्तशिल्प पुरस्कार प्राप्त हो चुका है, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे, क्योंकि राज्य पुरस्कार केवल एक बार ही प्रदान किया जाता है।
कलाकृति की उत्कृष्टता प्रमाणित करने के लिए उत्पादन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराना भी आवश्यक होगा। आवेदकों को आवेदन पत्र के साथ उत्पादन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की फोटो, वीडियोग्राफी तथा सभी आवश्यक दस्तावेज और संबंधित कलाकृति जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र कार्यालय में जमा करानी होगी। विशिष्ट हस्तशिल्प प्रादेशिक पुरस्कार वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 25 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


