सहारनपुर : विदेश में रोजगार पाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश सरकार की पहल पर सऊदी अरब में विभिन्न तकनीकी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सेवायोजन विभाग के माध्यम से होने वाली इस भर्ती के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे गए हैं। भर्ती प्रक्रिया रोजगार संगम पोर्टल के जरिए संचालित की जा रही है, जहां अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं।
सेवायोजन विभाग के सहायक निदेशक श्री अनिल कुमार गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि इस भर्ती अभियान के तहत कुल 91 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इन पदों के लिए हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन करने के पात्र होंगे। विभाग का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को विदेश में बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है ताकि उन्हें अच्छा वेतन और बेहतर कार्य अनुभव मिल सके।
उन्होंने बताया कि सऊदी अरब में विभिन्न तकनीकी श्रेणियों के पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें फेब्रिकेशन सुपरवाइजर के 05 पद, सीएस वेल्डर्स के 15 पद, मैकेनिकल टेक्नीशियन के 08 पद, फेब्रिकेशन फोरमैन के 05 पद, मैकेनिकल फिटर के 15 पद, पाइप फेब्रिकेटर के 15 पद, स्ट्रक्चरल फेब्रिकेटर के 08 पद तथा मैकेनिकल हेल्पर के 20 पद शामिल हैं।
भर्ती में सबसे अधिक आकर्षण फेब्रिकेशन सुपरवाइजर पद का वेतन है। इस पद पर चयनित उम्मीदवारों को करीब 99 हजार 188 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य पदों पर भी योग्यता और अनुभव के अनुसार आकर्षक वेतनमान तय किया गया है। विभाग का कहना है कि विदेश में काम करने के इच्छुक युवाओं के लिए यह एक बेहतरीन अवसर साबित हो सकता है।
अभ्यर्थियों को आवेदन करने के लिए सेवायोजन विभाग के आधिकारिक पोर्टल रोजगार संगम पोर्टल� पर जाकर पंजीकरण करना होगा। पोर्टल पर भर्ती से संबंधित सभी जानकारी, पात्रता, दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया उपलब्ध कराई गई है। सेवायोजन विभाग ने युवाओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह भर्ती अभियान प्रदेश के कुशल और तकनीकी युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


