दिशा पटवानी के घर पर गोलीबारी करने वाले, दोनों बदमशों की हुई मुठभेड़ में मौत

नई दिल्ली/गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के बरेली में बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पटानी के घर पर हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपी रविंद्र और अरुण बुधवार, 17 सितंबर को गाजियाबाद के टेक्नो सिटी थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में मारे गए। यह कार्रवाई यूपी स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की नोएडा इकाई और दिल्ली सीआई इकाई की संयुक्त टीम ने की।

इससे पहले, 12 सितंबर, 2025 को तड़के लगभग 3:45 बजे अभिनेत्री दिशा पटानी के बरेली स्थित घर पर अंधाधुंध गोलीबारी की सनसनीखेज घटना हुई थी, जिसके बाद बरेली के कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया था। एसटीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की जांच, आसपास के राज्यों के अपराध रिकॉर्ड का मिलान और तकनीकी विश्लेषण के बाद, अपराधियों की पहचान रविंद्र (पुत्र कल्लू, निवासी कहानी, रोहतक) और अरुण (पुत्र राजेंद्र, निवासी इंडियन कॉलोनी, गोहना रोड, सोनीपत) के रूप में हुई।

स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) से मिली जानकारी के अनुसार, यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली की सीआई यूनिट की संयुक्त टीम ने गाजियाबाद के टेक्नो सिटी थाने में आरोपियों के साथ मुठभेड़ की। दोनों अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

बताया जा रहा है कि अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों अपराधियों की मौत हो गई। दोनों अपराधी रोहित गोदारा-गोल्डी बरार गिरोह के सक्रिय सदस्य थे और कई वारदातों में शामिल थे। मुठभेड़ के दौरान घटनास्थल से ग्लॉक और जिगाना पिस्टल के साथ भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts