मुरादाबाद के अभ्यर्थियों ने अग्निवीर भर्ती रैली में दिखाया दमखम, 1060 में से 830 ने दौड़ में मारी बाजी

मुरादाबाद के अभ्यर्थियों ने अग्निवीर भर्ती रैली में दिखाया दमखम, 1060 में से 830 ने दौड़ में मारी बाजी

सहारनपुर : सहारनपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली में शुक्रवार को मुरादाबाद जिले के युवाओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। ठाकुरद्वारा, कांठ, मुरादाबाद और बिलारी तहसील के 1060 अभ्यर्थियों ने सेना में भर्ती होकर देशसेवा करने के अपने सपने को पूरा करने के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा में दमखम दिखाया। भर्ती रैली के दौरान मुरादाबाद जिले की चार तहसीलों से कुल 1,190 अभ्यर्थियों को रनिंग के लिए बुलाया गया था। इनमें से 1,060 अभ्यर्थी भर्ती स्थल पर पहुंचे।

सैन्य अधिकारियों ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा से गुजरना पड़ा। कड़ी मेहनत और अभ्यास के बाद मैदान में उतरे युवाओं ने पूरी क्षमता के साथ दौड़ लगाई। दौड़ के एक राउंड में 100 अभ्यर्थियों को दौड़ाया जा रहा है। दौड़ लगाते समय अभ्यर्थियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।निर्धारित मानकों को पूरा करने के लिए युवाओं ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। दौड़ के दौरान जहां कुछ अभ्यर्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया, वहीं कई युवाओं को कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सफलता नहीं मिल सकी। जिसके चलते शारीरिक दक्षता परीक्षा की दौड़ में 830 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की। दौड़ में सफल होने वाले अभ्यर्थियों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।

युवाओं ने बताया कि सेना में शामिल होना उनके लिए नौकरी हासिल करने से कहीं बढ़कर देशसेवा का अवसर है। इसके लिए वे लंबे समय से शारीरिक तैयारी और अभ्यास कर रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया में सफल होने के बाद उनका उत्साह और बढ़ गया। अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल होने वाले युवाओं को विभिन्न शारीरिक और निर्धारित भर्ती मानकों से गुजरना पड़ रहा है। रनिंग में सफल अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरणों में शामिल किया जाएगा।
इसके लिए युवाओं को अपनी फिटनेस बनाए रखने के साथ अन्य निर्धारित परीक्षणों की तैयारी भी करनी होगी। मुरादाबाद से पहुंचे अभ्यर्थियों की भागीदारी ने भर्ती मैदान में युवाओं के जोश और देशसेवा के जज्बे को प्रदर्शित किया। बड़ी संख्या में युवाओं ने कठिन शारीरिक परीक्षा में हिस्सा लेकर सेना में जाने की अपनी इच्छा जाहिर की। 830 अभ्यर्थियों की सफलता ने उनके अग्निवीर बनने की राह को एक कदम और आगे बढ़ा दिया है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts