चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा के सुप्रसिद्ध लोक कवि, रागनी लेखक और सांग विधा के महान कलाकार बाजे भगत की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन करते हुए उनके साहित्यिक और सांस्कृतिक योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाजे भगत ने अपनी रागनियों और लोककाव्य के माध्यम से समाज को सत्य, नैतिकता, समानता और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। उनकी रचनाओं ने न केवल हरियाणा की लोक संस्कृति को समृद्ध किया, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाने का भी कार्य किया।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि बाजे भगत की रचनाएं आज भी हरियाणा के जनमानस में उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी उनके समय में थीं। उनकी रागनियां सामाजिक मूल्यों, लोकजीवन और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत दस्तावेज हैं, जो नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश की समृद्ध लोक कला, लोक साहित्य और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे लोक कलाकारों और साहित्यकारों के योगदान को याद रखें तथा उनकी विरासत को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाजे भगत का जीवन और उनकी रचनाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनकी अमूल्य साहित्यिक विरासत हरियाणा की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने में सदैव महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


