सरकारी निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: सीएम नायब सिंह सैनी

सरकारी निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: सीएम नायब सिंह सैनी
चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि प्रदेश में होने वाले सभी सरकारी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। यदि किसी भी परियोजना में लापरवाही, घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग या नियमों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह निर्देश क्वालिटी एश्योरेंस अथॉरिटी द्वारा आयोजित सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और विभिन्न विभागों में किए जा रहे तकनीकी ऑडिट की समीक्षा बैठक के दौरान दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने सरकारी निर्माण परियोजनाओं की गुणवत्ता, समयबद्ध प्रगति और तकनीकी ऑडिट की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करें, ताकि जनता को बेहतर और टिकाऊ बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि तकनीकी ऑडिट व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या कमी का समय रहते पता लगाकर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने दोहराया कि सरकार का उद्देश्य जनता के धन का सही उपयोग करते हुए उच्च गुणवत्ता वाले विकास कार्य सुनिश्चित करना है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts