सहारनपुर : थाना सदर बाजार क्षेत्र में शुक्रवार को एक महिला की गोली लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला ने अपने पुलिसकर्मी पति के सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली। घटना हकीकत नगर श्मशान घाट के सामने स्थित किराए के मकान में हुई। गोली चलने की आवाज और घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर थाना सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान सविता के रूप में हुई है। उसके पति टिंकू सिंह पुलिस विभाग में सिपाही हैं और वर्तमान में खनन गार्ड की ड्यूटी में तैनात बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार टिंकू सिंह अपनी पत्नी सविता और दो बेटियों के साथ पिछले करीब दो वर्षों से मनीष कुमार के मकान में किराए पर रह रहे थे।
आपको बता दें कि शुक्रवार को सिपाही की पत्नी सविता घर के अंदर मौजूद थीं। इसी दौरान उन्होंने पति की सर्विस राइफ़ल से खुद को गोली मार ली। गोली गर्दन के दाईं ओर लगने की बात सामने आई है। गंभीर रूप से घायल होने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों को जब घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में थाना सदर बाजार पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सर्विस हथियार महिला तक कैसे पहुंचा और घटना के समय घर में कौन-कौन मौजूद था। घटना के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सविता ने यह कदम क्यों उठाया। आत्महत्या के पीछे पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव या कोई अन्य वजह तो नहीं इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। सविता की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतका की दो बेटियां हैं। मां की मौत के बाद दोनों बच्चियों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने आसपास के लोगों को भी झकझोर दिया है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।
डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि थाना सदर बाजार क्षेत्र में पुलिस विभाग के वर्ष 2016 बैच के कांस्टेबल रिंकू की पत्नी सरिता की गोली लगने से मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई है। प्रथम दृष्टया सरिता की मृत्यु गनशॉट इंजरी के कारण होना प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोली कांस्टेबल रिंकू की सरकारी इंसास राइफल से चली है। घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस द्वारा कांस्टेबल रिंकू को हिरासत में लेकर गंभीरता से पूछताछ की जा रही है।घटनास्थल को तत्काल सील कर सुरक्षित कर दिया गया है तथा एफएसएल टीम द्वारा मौके से वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
घटनाक्रम के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मृतका के परिजनों द्वारा दंपति के मध्य पूर्व से पारिवारिक विवाद होने की बात बताई गई है। चूंकि घटना अभी हाल की है, इसलिए इस संबंध में प्राप्त प्रत्येक तथ्य एवं बयान का सत्यापन करते हुए सभी संभावित पहलुओं को जांच में शामिल किया जा रहा है। कांस्टेबल रिंकू वर्तमान में पुलिस लाइन से संबद्ध थे तथा एंटी माइनिंग टास्क फोर्स में ड्यूटी पर तैनात थे। वर्तमान में वह पुलिस हिरासत में है और उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

