नवरात्र मेले से पहले शाकुंभरी में लगाए विवादित पोस्टर, बजरंग दल ने की मुस्लिमों के प्रवेश पर रोक की मांग

Controversial Posters Put Up in Shakumbhari Ahead of Navratri Fair

सहारनपुर : सहारनपुर के सिद्धपीठ माँ शाकुंभरी देवी मंदिर में 19 मार्च से चैत्र नवरात्रि मेला शुरू होने जा रहा है। हर साल नवरात्रि पर्व में यहां देश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन भी सक्रिय है और हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। नवरात्रि शुरू होने से ठीक पहले शाकम्भरी देवी मेले को लेकर विवाद सामने आया है।

सोमवार को हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शाकुंभरी क्षेत्र में विवादित पोस्टर लगाए हैं। पोस्टरों के माध्यम से नवरात्र मेले के दौरान गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में विभिन्न स्थानों पर पोस्टर लगाये हैं। ये पोस्टर निर्माणाधीन पुल के खंभों पर भी लगाए गए। मामला संज्ञान में आया तो पुलिस ने संबधित लोगों के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

माँ शाकुंभरी देवी संघर्ष समिति के अध्यक्ष हरीश कौशिक ने कहा कि नवरात्रि हिंदू आस्था से जुड़ा प्रमुख पर्व है। इसलिए मेले में होने वाली व्यावसायिक गतिविधियां हिंदू समुदाय के लोगों द्वारा ही की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि मेले के दौरान गैर-हिंदुओं के प्रवेश को प्रतिबंधित किया जाए। आमतौर पर ऐसे धार्मिक आयोजनों में सभी समुदायों की भागीदारी और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी होती है। बावजूद इसके बजरंग दल द्वारा लगाए गए विवादित पोस्टरों से पुलिस और जिला प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।

एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि शाकम्भरी देवी परिसर में विवादित पोस्टर लगाये जाने का मामला सामने आया है। वीडियो के आधार पर थाना मिर्जापुर में मुक़दमा दर्ज किया गया है। जांच उपरांत उचित कार्रवाई की जायेगी। अब देखना होगा कि इस मामले में प्रशासन क्या रुख अपनाता है और मेले के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts