वाराणसी : रोहनिया थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता 22 वर्षीय छात्रा का शव एक मकान के किराए के कमरे से मिलने से सनसनी फैल गई। कमरे से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे को खुलवाया तो अंदर युवती का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
एडीसीपी क्राइम नीतू कात्यान के अनुसार, गुरुवार को डायल 112 पर सूचना मिली थी कि रोहनिया थाना क्षेत्र के एक मकान में करीब 20 से 22 वर्ष की युवती का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। जांच के बाद मृतका की पहचान कर ली गई। पुलिस पूछताछ में परिजनों ने बताया कि युवती 18 अगस्त की सुबह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से जानकारी लेने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी।
मृतका के परिजनों के अनुसार, वह एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। जिस मकान से उसका शव बरामद हुआ, वहां एक युवक ने किराए पर कमरा लिया हुआ था। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक युवती का दूर का रिश्तेदार भी है। परिजनों ने युवक के खिलाफ पुलिस को लिखित तहरीर दी है, जिसके आधार पर हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया है।
गुरुवार को मकान से दुर्गंध आने की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे को खुलवाया, जहां से छात्रा का शव बरामद हुआ। इसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि छात्रा 18 अगस्त को घर से निकलने के बाद इस कमरे तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। फॉरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
एडीसीपी क्राइम ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना के पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

