सहारनपुर में 469 ग्राम चरस के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार, ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत मिर्जापुर पुलिस की कार्रवाई

Drug smuggler arrested with hashish
सहारनपुर : जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ अभियान के तहत थाना मिर्जापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 469 ग्राम अवैध चरस बरामद की है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पकड़ी गई चरस की कीमत 20 लाख रूपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए तीनों जनपदों में “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बेहट के निकट पर्यवेक्षण में थाना मिर्जापुर पुलिस ने शनिवार को गश्त और चेकिंग अभियान के दौरान यह सफलता हासिल की।
प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम मिर्जापुर से पाडली जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 469 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुर्सलीन पुत्र रफीक, निवासी ग्राम महमूद मजरा रायपुर, थाना मिर्जापुर, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर थाना मिर्जापुर में मु.अ.सं. 218/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह चरस कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। पुलिस उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की भी जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में थाना मिर्जापुर में चोरी और अवैध हथियार रखने के दो मुकदमे दर्ज हैं। ऐसे में पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अवशेष भाटी, हेड कांस्टेबल अमित राठी, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार तथा कांस्टेबल कपिल कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। “ऑपरेशन सवेरा” के तहत मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी और चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts