अमरोहा : चोरी का गेहूं बेचने से रोकने पर बड़े भाई ने छोटी बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। बुधवार को हुई इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। जिले के एएसपी, सीओ और थाना प्रभारी समेत फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। आरोपी भाई को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना अमरोहा जिले के रजबपुर थाना क्षेत्र के अर्कपुर गांव की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रजबपुर थाना क्षेत्र के अर्कपुर गांव निवासी पुष्पेंद्र (24) ने अपनी बहन रेखा (22) की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। आरोपी भाई गेहूं बेचने जा रहा था। इसी दौरान उसकी बहन रेखा ने उसे देख लिया। रेखा ने जब अपने भाई को गेहूं बेचने से मना किया तो गुस्साए भाई ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हत्या के बाद भाग रहे आरोपी भाई को खेतों से पकड़ लिया गया है। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

