सहारनपुर : सहारनपुर में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस और बदमाशों के बीच दिनदहाड़े आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश एहसान ढेर हो गया, जबकि उसका साथी जंगल के रास्ते फरार होने में कामयाब हो गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली लगने से थाना प्रभारी और एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और फरार बदमाश की तलाश में सघन कॉबिंग अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार थाना चिलकाना पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही एसएसपी अभिनंदन सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना चिलकाना और थाना सरसावा पुलिस को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों ने सरसावा क्षेत्र के पिलखनी और डूमवाला गांव के आसपास घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। बाद में उसकी पहचान एहसान पुत्र रियासत निवासी गांव कपूरी थाना नकुड़ के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम से पूरी जानकारी ली। मौके से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बदमाश किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे या नहीं।
डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि एहसान पुत्र रियासत निवासी कपूरी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह थाना बेहट में हुई लूट की घटना में वांछित चल रहा था। मुठभेड़ में उसे सीने और पैर में गोली लगी थी। पुलिस टीम ने उसे कब्जे में लेकर उपचार के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एहसान के ख़िलाफ़ विभिन्न थानों में 13 से ज्यादा लूट के मुकदमे दर्ज हैं। उसके ऊपर एक लाख का ईनाम घोषित था। वहीं दूसरा बदमाश मौके का फायदा उठाकर जंगल के रास्ते फरार हो गया। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है। जंगल और आसपास के गांवों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस ड्रोन और स्थानीय मुखबिरों की मदद से फरार आरोपी का सुराग जुटाने में लगी हुई है।

