सहारनपुर : पहाड़ों में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के चलते मौसमी नदियां उफान पर हैं। वहीं, शिवालिक की पहाड़ियों में बारिश का पानी सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के लिए मुसीबत बन रहा है। मंगलवार को एक बार फिर सिद्धपीठ शाकंभरी देवी के खोल में तेज बहाव के साथ पानी आ गया। जिससे शाकंभरी देवी परिसर में बाढ़ जैसे हालात बन गए। श्रद्धालुओं को किसी तरह भागकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचना पड़ा। जबकि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को भूरा देव मंदिर के पास ही रोकना पड़ा। इस दौरान दुकानदारों और श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
बता दें कि सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर शिवालिक की छोटी पहाड़ियों के बीच स्थित है। मंदिर के सामने से खोल यानी मौसमी नदी बह रही है। बारिश के दिनों में यह नदी पानी से भर जाती है। शिवालिक पहाड़ियों और आसपास के क्षेत्रों में रविवार से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। पहाड़ों में हुई बारिश का पानी मंगलवार को तेज बहाव के साथ आया। पानी आने की आवाज सुनकर दुकानदारों ने अलार्म बजाया। जिससे मां शाकंभरी देवी के दर्शन को आए श्रद्धालु समय से पहले सुरक्षित स्थानों पर पहुंच सकें। पानी का तेज बहाव देख श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया।


