हरिद्वार हाईवे पर महिलाओं से बदसलूकी, नशे में धुत चार युवक हिरासत में; वीडियो वायरल

Misbehavior with women in Haridwar

हरिद्वार : बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को हाईवे पर महिलाओं के साथ कथित अभद्रता और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। आरोप है कि दिल्ली नंबर की कार में सवार चार युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने महिलाओं की गाड़ी को रोकने की कोशिश करते हुए उनके साथ बदसलूकी की। महिलाओं की शिकायत और वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों युवकों को हिरासत में ले लिया।

टोल से पहले महिलाओं की गाड़ी के पीछे लगे युवक

जानकारी के मुताबिक, महिलाओं का एक समूह अपनी कार से हाईवे पर यात्रा कर रहा था। उनके साथ कोई पुरुष नहीं था। आरोप है कि बहादराबाद टोल प्लाजा से पहले दिल्ली नंबर की एक कार में सवार चार युवक महिलाओं की गाड़ी के पीछे लग गए।

महिलाओं का आरोप है कि युवकों ने उनकी कार को रोकने की कोशिश की और रास्ते में उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। महिलाओं ने विरोध किया, लेकिन आरोप है कि युवक इसके बावजूद बदसलूकी करते रहे। घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

महिलाओं ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल

घटना के दौरान महिलाओं ने कार सवार युवकों का वीडियो बना लिया। वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कार सवार युवकों और महिलाओं के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। महिलाएं युवकों पर नशे में होने का आरोप लगाती नजर आ रही हैं।

वीडियो सामने आने के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को फोन पर दी। एसएसपी के निर्देश पर बहादराबाद क्षेत्र की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस ने कार रुकवाकर चारों को हिरासत में लिया

पुलिस ने दिल्ली नंबर की सफेद वैगनआर कार DL3CBC9887 को रोककर उसमें सवार चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। सभी को कोतवाली ले जाया गया। इसके बाद महिलाओं की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, युवकों का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। वाहन को सीज करने के साथ मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस कार्रवाई के दौरान हाथ जोड़कर मांगी माफी

पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवकों ने कार्रवाई के दौरान हाथ जोड़कर अपने कृत्य के लिए माफी मांगी। उन्होंने भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा नहीं करने का आश्वासन भी दिया। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है, ताकि घटना की परिस्थितियों और युवकों की भूमिका को स्पष्ट किया जा सके।

इंस्पेक्टर बोले- हुड़दंग और नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं

बहादराबाद कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाने और आम लोगों के साथ अभद्रता करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। मेडिकल जांच में एल्कोहल की पुष्टि होने के बाद कार को सीज कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि सड़क पर हुड़दंग, महिलाओं या राहगीरों के साथ अभद्रता और यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts