ऑनर किलिंग : पिता ने बेटी की गला दबाकर कर दी हत्या और फिर सिर अलग कर दिया धड़

हाथरस : सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। दो दिन पहले बहरादोई गाँव के पास नहर में एक युवती का सिर कटा शव मिला था। पिता ने ही बेटी की गला दबाकर हत्या की थी और फिर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया था। पुलिस ने हत्या के 48 घंटे बाद मंगलवार को पिता हसरत अली, सौतेली माँ रानी और ससुर रज्जो पहलवान को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है।

एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि 10 अगस्त को कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के बहरादोई गाँव के पास नहर (बम्बा) में युवती का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला था। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। जांच के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गईं। अलीगढ़ की टीम को सूचना मिली कि अकराबाद थाना क्षेत्र से एक युवती 8 अगस्त से लापता है।

युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की गई थी। टीम जांच के लिए ग्राम अधौना, थाना अकराबाद पहुँची। लोगों को फोटो और पर्चे दिखाए गए तो उन्होंने उसके कपड़ों से युवती की पहचान की। ग्रामीणों ने बताया कि लड़की का नाम तमन्ना था और वह हसरत अली की बेटी थी। पुलिस जब हसरत के घर पहुँची, तो वहाँ फारूक नाम का एक व्यक्ति मिला। फारूक ने फोटो से शव की पहचान की और बताया कि यह उसकी भांजी तमन्ना है। तमन्ना के मामा अब्दुल फरहीम की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।

जाँच में यह भी पता चला कि तमन्ना के पिता हसरत ने हाथरस के चंदपा थाना क्षेत्र निवासी रज्जो पहलवान की बेटी रानी से शादी की थी। यह भी पता चला कि हसरत की पहली पत्नी फिरदौस से दो बेटियाँ तमन्ना (19) और निशा (16) हैं। हसरत ने छह महीने पहले फिरदौस को घर से निकाल दिया था। हसरत ने दोनों बेटियों को अलीगढ़ में अपने पास रखा था।

एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि पूछताछ में हसरत ने बताया कि जुलाई में तमन्ना अलीगढ़ से किसी लड़के के साथ कहीं चली गई थी। दो दिन बाद वह घर लौट आई। इससे नाराज होकर हसरत ने अपनी दूसरी पत्नी रानी के साथ मिलकर तमन्ना की पिटाई कर दी। 8 अगस्त को दोपहर में तमन्ना गाँव अधौना से चुपचाप घर से निकल गई। हसरत अली और रानी ने अलीगढ़ के पनैठी पुल के पास तमन्ना को पकड़ लिया। सामाजिक बदनामी और शर्म से बचने के लिए दोनों ने तमन्ना की हत्या की योजना बनाई।

एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि लड़की के घर से चले जाने से पिता नाराज़ था। हसरत अपनी दूसरी पत्नी रानी के साथ लड़की को हाथरस के अल्हैपुर गाँव अपनी ससुराल ले गया। यहाँ उन्होंने उसे खाने में नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया, जिसके बाद अपनी सास रज्जो के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। शव को ठिकाने लगाने के लिए वे उसे नहर के पास ले गए और उसकी गर्दन काट दी। उसके शरीर पर कई चोटें भी कीं। घटना को दूसरा रूप देने के लिए उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त कर दिए। एसपी ने घटना का खुलासा करने वाली टीम को 25 हज़ार रुपये का इनाम दिया है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts