सहारनपुर : एक ओर जहां योगी सरकार स्कूल-कॉलेजों में “मिशन शक्ति” अभियान चलाकर बहु बेटियों की सुरक्षा के दावे कर रही है। वहीं शिक्षक बने भक्षक ही बेटियों के साथ दुष्कर्म जैसी घटनाओं को अंजाम देकर सरकार के दावों को पलीता लगाने में जुटे हैं। ताज़ा मामला सहारनपुर के थाना सदर बाजार इलाके का है जहां मदरसे के एक मौलवी पर नाबालिग छात्रा ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। चौंकाने बात ये है कि 14 साल की युवती छह माह की गर्भवती है। थाने में शिकायत के बाद आरोपी मौलवी फरार हो गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी मौलवी की तलश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक़ थाना सदर बाजार इलाके की 14 वर्षीय छात्रा पास के ही मदरसे में पढ़ने जाती है। छात्रा ने पुलिस को बताया कि मदरसे के मौलवी ने करीब सात महीने पहले उसको बहला फुसला कर अपने जाल में फंसा लिया और बाद में मौका देख कर छुट्टी के बाद उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। उसके बाद वह उसको डरा धमका कर जब मन करता उसे मदरसे में रोक लेता और अपनी हवस का शिकार बना लेता। इतना ही नहीं इस बाबत किसी को बताने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देता था। दो दिन पहले उसने मां से पेट दर्द और लगातार उल्टी की शिकायत की।
परिजनों के मुताबिक़ पहले परिवार को लगा कि यह कोई इंफेक्शन की वजह से हो रहा है। लेकिन जब उसकी हालत बिगड़ी तो वे उसे डॉक्टर के पास ले गए। मेडिकल जाँच में सच्चाई सामने आई जिसने उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। जाँच रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि युवती छह महीने की गर्भवती है। मेडिकल रिपोर्ट ने परिवार को झकझोर कर रख दिया।
डॉक्टर की रिपोर्ट देखने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवती से पूछताछ की तो उसने बताया कि जिस मस्जिद में वह पढ़ाई करती थी, वहाँ के मौलवी ने उसके साथ कई बार गलत काम किया है। उसने बताया कि आरोपी उसे पढ़ाई के बहाने अकेले बुलाता था और उसे चुप रहने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म करता था। डर और शर्म के कारण उसने पहले कभी किसी को यह बात नहीं बताई थी।
आनन फानन में परिजनों ने थाना सदर बाजार में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। तहरीर के आधार पर थाना सदर बाजार पुलिस ने आरोपी मौलवी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष कपिल देव का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट को केस डायरी में शामिल कर लिया गया है और आरोपी मौलवी की तलाश में छापेमारी जारी है। जल्द ही आरोपी मौलवी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
इस घटना के बाद से अभिभावक अपने बच्चों को लेकर चिंतित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर बच्चों को सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए, लेकिन ऐसी घटनाएं उनके लिए चिंता का विषय है। वहीं एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि युवती को महिला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका का इलाज चल रहा है और पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


