सहारनपुर : सहारनपुर के थाना देवबंद इलाके में कक्षा 9 के दलित छात्र की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां घर से बुलाकर छात्र की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। परिजनों ने दंपति समेत पांच पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि सहारनपुर के देवबंद में 14 वर्षीय किशोर की हत्या से हड़कंप मंच गया। थाना देवबंद इलाके के गांव अलीपुरा (मेघराजपुर) में कक्षा 9 में पढ़ने वाले 14 वर्षीय मयंक की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। घटना देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि मयंक को घर से बुलाकर पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। ताकि हत्या को ट्रेन हादसा साबित किया जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच जांच में जुट गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक मयंक के पिता रूपचंद ने गांव के ही एक दंपति सहित उनके बेटे-बेटी समेत पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
परिवार का आरोप है कि मयंक को पहले पीटा गया, फिर चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया ताकि यह ट्रेन हादसा लगे। जांच के दौरान रूपचंद ने बताया कि मयंक एक लड़की का दोस्त था, और उस लड़की के परिवार वाले ही मयंक की हत्या के लिए ज़िम्मेदार हैं। रूपचंद ने इस हत्या के लिए पांच लोगों पर आरोप लगाया है, जिसमें पति-पत्नी और उनके बेटे-बेटी शामिल हैं।
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि थाना देवबंद इलाके में छात्र की हत्या का मामला संज्ञान में आया है। मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव और शोक का माहौल है। जिसके चलते गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


