सहारनपुर में ट्रांसफार्मर चोरों से पुलिस की मुठभेड़, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली; 3 क्विंटल तांबे का तार बरामद

UP Police encounter

सहारनपुर : जिले में ट्रांसफार्मर से कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ तीतरो पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार देर रात संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों के कब्जे से करीब दो से तीन क्विंटल तांबे का तार, छह तांबे की कॉइल, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराधियों की धरपकड़ और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 नवंबर 2026 की रात तीतरो थाना पुलिस की टीम ग्राम बहलोलपुर की पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान ग्राम बरसी की ओर से सफेद रंग की एक सेंट्रो कार आती दिखाई दी। कार पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस टीम को देखकर कार सवारों ने अचानक वाहन वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों को शक हुआ तो उन्होंने तत्काल कार का पीछा शुरू कर दिया।

गौशाला के पास खेत में उतरी कार, पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, पीछा करने के दौरान ग्राम बरसी में नवनिर्मित गौशाला के पास कार अनियंत्रित होकर चकरोड़ से नीचे खेत में उतर गई। खुद को पुलिस से घिरता देख कार सवार दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दोनों जंगल की तरफ भागने लगे।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके पर ही दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के बाद इलाके में पुलिस ने तलाशी अभियान भी चलाया।

दो से तीन क्विंटल तांबे का तार और छह कॉइल बरामद

सीओ गंगोह शैलेन्द्र प्रताप गौतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरुख पुत्र राशिद निवासी ग्राम महंगी, थाना तीतरो और जोहर हसन पुत्र सकुर निवासी सरकड़ बांसकदेही, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा ट्रांसफार्मर तोड़कर चोरी किया गया करीब दो से तीन क्विंटल तांबे का तार और छह तांबे की कॉइल भी मिली हैं। मौके से तार काटने के उपकरण भी बरामद किए गए हैं।

बिना नंबर प्लेट की सेंट्रो कार भी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट वाली सेंट्रो कार भी बरामद की है। पुलिस को आशंका है कि इस कार का इस्तेमाल ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने और चोरी किए गए सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में किया जा रहा था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है।

मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही जिले और आसपास के क्षेत्रों में हुई ट्रांसफार्मर चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि बरामद सामान के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की घटनाओं से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts