नई दिल्ली : दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला परिसर में चल रहे जैन समुदाय के एक धार्मिक आयोजन से करोड़ों रुपये के कीमती कलश चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना 3 सितंबर को सुबह 9:20 से 10:00 बजे के बीच हुई, जब लाल किले के 15 अगस्त पार्क स्थित जैन महोत्सव पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी।
शिकायतकर्ता सुधीर कुमार जैन ने पुलिस को बताया कि चोरी हुआ कलश धार्मिक अनुष्ठान के लिए लाया गया था। इस बार भी वह इसे पंडाल में लाए थे, लेकिन स्वागत और भीड़ के बीच कलश अचानक मंच से गायब हो गया।
दर्ज एफआईआर के अनुसार, चोरी हुए सामान में एक बड़ा सोने का कलश और एक नारियल शामिल है, जिसका कुल वजन लगभग 760 ग्राम है। इसके अलावा, एक छोटा कलश भी चोरी हुआ है, जो हीरे, माणिक और पन्ने से जड़ा हुआ था। इसका वज़न लगभग 115 ग्राम है। इसे मैरून रंग के मखमली डिब्बे में रखा गया था। इसकी अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस ने बताया है कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है, जिसमें संदिग्ध की गतिविधियाँ कैद हुई हैं। पुलिस का दावा है कि संदिग्ध की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी होने की संभावना है।

