दो महीने के नवजात शिशु को उठा ले गया बंदर, पानी की टंकी में बच्चे का मिला शव, पूरे गाँव में छा गया मातम

सीतापुर : एक बंदर चारपाई पर सो रहे दो महीने के नवजात शिशु को उठा ले गया। बाद में जब खोजबीन की गई तो छत पर रखी पानी की टंकी में बच्चे का शव मिला। बच्चे का शव देखकर माता-पिता दहाड़ मारकर रोने लगे। वहीं, पूरे गाँव में मातम छा गया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर परिवार से जानकारी ली। यह घटना सीतापुर जिले के मछेरहटा थाना क्षेत्र के सूरजपुर गाँव की है।

जानकारी के अनुसार, सूरजपुर गाँव निवासी अनुज कुमार खेतीबाड़ी का काम करते हैं। उनकी पत्नी सविता गृहिणी हैं। अनुज और सविता की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। करीब दो महीने पहले दोनों ने एक बेटे को जन्म दिया। अनुज ने बताया कि गुरुवार सुबह वह पड़ोस में बन रहे मकान में मजदूरों से मिलने गए थे। पत्नी सविता ने बेटे को चारपाई पर सुला दिया और नहाने चली गईं। जब वह नहाकर बाहर आईं तो बच्चा चारपाई पर नहीं था।

सविता ने तुरंत अपने पति अनुज को फोन करके बताया कि बच्चा उसे नहीं मिल रहा है। अनुज दौड़कर अपने घर पहुँचा। पति-पत्नी मिलकर बच्चे की तलाश करने लगे। वह किसी कमरे में नहीं मिला। अनुज ने बताया कि इसके बाद मैं छत पर गया। वहाँ मुझे बेटे का शव पानी के ड्रम में तैरता हुआ मिला। इसके बाद हम बच्चे को सीएचसी ले गए, जहाँ डॉक्टर ने जाँच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts