सहारनपुर : जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कलेक्ट्रेट परिसर से पशुओं को संक्रामक रोग खुरपका-मुँहपका (एफएमडी) से बचाने के लिए टीकाकरण कार्यक्रम में लगी विभागीय टीकाकरण टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मनीष बंसल ने बताया कि यह अभियान अगले 45 दिनों तक चलेगा जिसमें पशुपालन विभाग की टीमें जिले के सभी गाँवों में घर-घर जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी।
4 माह से कम आयु के बच्चों और 7 माह से अधिक आयु की गर्भवती मादा पशुओं का टीकाकरण नहीं किया जाएगा। जनपद में 45 दिनों तक टीकाकरण अभियान चलेगा। घर-घर जाकर पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का टीकाकरण अवश्य करवाएं।
उन्होंने विभाग के अधिकारियों को अभियान की सफलता के निर्देश दिए और जनता से अपील की कि वे अपने पशुओं का टीकाकरण अवश्य करवाएँ और कोई भी पशु टीकाकरण से वंचित न रहे। अपर निदेशक ग्रेड-2 डॉ. मेघश्याम सिंह ने बताया कि रैली के माध्यम से लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि खुरपका-मुँहपका एक संक्रामक रोग है जो बीमार पशुओं से स्वस्थ पशुओं में तेजी से फैलता है और टीकाकरण ही इसका एकमात्र बचाव है।
यह अभियान वर्ष में दो बार चलाया जाता है और आगामी अभियान में जिले में लगभग 555000 पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मदनपाल सिंह ने बताया कि यह टीकाकरण अभियान जनपद के 11 ब्लॉकों से संचालित किया जाएगा और इस अभियान में उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं पशु चिकित्साधिकारी के मार्गदर्शन में 32 टीमें कार्य करेंगी तथा टीम का प्रभार पशुधन प्रसार अधिकारी के पास रहेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि 4 माह से छोटे पशु बछड़ों और 7 माह से अधिक की गर्भवती मादा पशुओं में यह टीकाकरण नहीं किया जाएगा। यह टीकाकरण पूर्णतः निःशुल्क है जिसमें पशुपालक के घर पर ही टीकाकरण किया जाएगा तथा पशुओं के कानों में रिंग डालने का कार्य भारत पशुधन ऐप पर टीकाकरण कर्मी द्वारा किया जाएगा जो अनिवार्य है। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे पशुओं को खुरपका-मुंहपका जैसी घातक बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण अवश्य करवाएं और भारत सरकार की इस योजना को सफल बनाएं।

