शादी से मना करने पर युवक को पहनाई चप्पलों की माला, जांच में जुटा पुलिस महकमा

Saharanpur News

सहारनपुर : सहारनपुर के थाना फतेहपुर इलाके में एक युवक को शादी करने से मना करना महंगा पड़ गया। लड़की के परिवार वालों ने न सिर्फ उसे कमरे में बंद कर दिया बल्कि उसके गले में चप्पलों की माला डालकर सबक सिखाया। इतना ही नहीं घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना का 30 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया। वही पुलिस मामले की जांच करने की बात कर रही है।

आपको बता दें कि गांव मुजफ्फराबाद के एक युवक की सगाई करीब एक साल पहले थाना देहात इलाके की रहने वाली एक युवती से हुई थी। परिवारों के बीच बातचीत के बाद फरवरी 2026 में शादी की तारीख तय हुई। युवती के परिजनों के मुताबिक कुछ दिन पहले युवक ने युवती से मिलने की इच्छा जताई। दोनों परिवारों की सहमति मिलने के बाद वह अपने परिवार के साथ युवती के घर पहुंचा। आरोप है कि युवती से मिलने के बाद उसके घरवालों ने उससे शादी पक्की करने को कहा, लेकिन युवक ने सोचने के लिए समय मांगते हुए कोई साफ जवाब नहीं दिया। इसके बाद युवक और उसके घरवालों ने शादी से मना कर दिया। इससे गुस्साए लड़की के घरवालों ने युवक को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया, गाली-गलौज की और चप्पलों की माला पहना दी।

वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ युवक हंसते हुए उसके गले में चप्पलों की माला डालकर उसे बेइज्जत कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रहीं हैं। ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत बुलाई गई, जहां बातचीत के बाद समझौता हो गया। हालांकि पुलिस ने इस मामले की ऑफिशियल पुष्टि नहीं की है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि समझौते के बाद युवक ने शिकायत दर्ज न कराने का फैसला किया।

परिजनों के मुताबिक युवक के शादी से मुकरने से लड़की का परिवार बहुत परेशान था, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे मामला और बढ़ गया। वहीं ASP मनोज यादव ने बताया कि मामला सज्ञान में आया है। मामले की जांच की जा रही है। किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं आई है। जांच उपरांत उचित कार्रवाई की जायेगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts