गोपालगंज : गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के भठवां मोड़ सिसवा जलालपुर रोड पर शराब तस्करी की सूचना पर पहुंची पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से दो राउंड फायरिंग हुई, जिसमें पुलिस की गोली से एक शराब तस्कर घायल हो गया।
घायल तस्कर की पहचान सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव निवासी 23 वर्षीय सद्दाम हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्कर के पास से एक देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस और शराब से भरी एक स्कॉर्पियो बरामद की है। घायल तस्कर को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस घटना में तस्करों ने पुलिस टीम पर हमला करने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। इस कार्रवाई में सद्दाम हुसैन के बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, उसके दो अन्य साथी मौके से भागने में सफल रहे।

